उत्तराखंड

कामधेनुलोक गौशाला का मुख्यमंत्री धामी ने किया लोकार्पण

गौसंरक्षण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा: मुख्यमंत्री

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की ओर से गौसेवा, गोवंश संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कामधेनुलोक जैसी पहल गौसंरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग है। गौसंरक्षण से प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को भी बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा की सराहना करते हुए बताया कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ अभियान आज पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं तक पहुंच चुका है। संस्था की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा और संरक्षण किया जा रहा है। अकेले हरिद्वार में हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को आजीवन आश्रय दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस के माध्यम से अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय पहुंचाया गया है।

गोवंश के लिए चिकित्सा, चारे और पौष्टिक आहार की व्यवस्था के साथ प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन भी कराया जा रहा है। जरूरतमंद परिवारों को राशन और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना संस्था की सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण, निराश्रित गोवंश की देखरेख और गौ आधारित आजीविका को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में बद्री गाय के शुद्ध घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। चमोली जिले में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 72 पंजीकृत और नौ अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को आश्रय दिया जा रहा है। ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। वहीं, शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है। उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण चुनौती है। इसके लिए केवल गौशालाओं का निर्माण पर्याप्त नहीं है, बल्कि गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना भी जरूरी है। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। गौवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है।

कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेंगी। वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार व्यापक तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क, यातायात, नए पुलों, संपर्क मार्गों और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा, स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाओं और आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का अनुकरणीय मॉडल बनेगी। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला से जुड़े संतों, सेवकों, पदाधिकारियों और सहयोगियों को बधाई दी। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक एवं प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज, स्वामी सच्चिदानंद साक्षी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वर दास महाराज, स्वामी संजय महंत, हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री नितिन गौतम, आदेश सैनी, ओमप्रकाश जमदग्नि, अजीत चौधरी, श्यामवीर सैनी, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, भाजपा नेता लव शर्मा, आशु चौधरी, विक्रम भुल्लर और उज्ज्वल पंडित सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button