उत्तराखंड

स्मैक की लत पूरी करने के लिए करता था बाइक चोरी, बहादराबाद पुलिस ने 10 मोटरसाइकिलों के साथ शातिर चोर को दबोचा

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। स्मैक के नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक शातिर वाहन चोर को बहादराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर गंगनहर किनारे जंगल में झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखी गईं कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। इनमें पांच मोटरसाइकिलें बहादराबाद क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के पांच मुकदमों से संबंधित हैं। पुलिस की कार्रवाई से पांच वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। आरोपी पूर्व में भी वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार, जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी के निर्देश पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक विकास रावत के नेतृत्व में बहादराबाद पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लोहे के पुल के पास गंगनहर की ओर जंगल से आने वाले सुनसान कच्चे रास्ते पर एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और मोटरसाइकिल के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक पुत्र सुंदर लाल, निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर, हरिद्वार बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल आराध्या नर्सिंग होम, बहादराबाद के पास से चोरी की गई थी।

इसके बाद पुलिस ने उससे गहन पूछताछ की, जिसमें वाहन चोरी की कई अन्य घटनाओं का भी खुलासा हुआ। आरोपी ने बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी की गई बाइकों को वह गंगनहर किनारे जंगल में सुनसान स्थान पर झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखता था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने जंगल में तलाशी अभियान चलाया और वहां छिपाकर रखी गई नौ अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिलों का मिलान बहादराबाद कोतवाली में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों से किया। जांच में पांच मोटरसाइकिलें पांच अलग-अलग मुकदमों से संबंधित पाई गईं। इसके अलावा पांच अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं, जिनमें बजाज पल्सर और हीरो स्प्लेंडर प्लस सहित अन्य बाइक शामिल हैं। इन वाहनों के वास्तविक स्वामित्व और चोरी से जुड़े तथ्यों का पता लगाने के लिए पुलिस सत्यापन कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में थाना पिरान कलियर और भगवानपुर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है, जबकि अन्य पांच संदिग्ध मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। आरोपी दीपक की उम्र 27 वर्ष बताई गई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button