उत्तराखंड

गोपाल हत्याकांड का 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, चंडी चौक से दबोचा

कलयुग दर्शन (24×7)

नरेश मित्तल (संवाददाता)

हरिद्वार। दूधियाबंद बस्ती स्थित बिजलीघर के पास जंगल में हुई गोपाल की हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी गजराज कश्यप को चंडी चौक से गिरफ्तार किया। इस हत्याकांड में शामिल तीन अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को कोतवाली नगर क्षेत्र के दूधियाबंद बस्ती में बिजलीघर के पास जंगल से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मृतक की पहचान गोपाल पुत्र उमाचरण निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के पास, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस ने जांच के दौरान 21 सितंबर और तीन अक्टूबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें एक महिला, नरेंद्र पुत्र ओमप्रकाश और गोविंद पुत्र ओमप्रकाश निवासी मोमिनपुर दरगा, बिजनौर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि 16 सितंबर की रात गंगा किनारे बिजलीघर के पास दूधियाबंद की खाली जगह पर उन्होंने गजराज कश्यप के साथ मिलकर गोपाल की चापड़ और चाकू से हत्या की थी।

हत्याकांड में शामिल गजराज कश्यप पुत्र रघुवीर कश्यप निवासी मोमिनपुर दरगा, बिजनौर लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार की ओर से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। फरार आरोपी की तलाश में कोतवाली नगर पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस की सुरागरसी और पतारसी के आधार पर मध्यरात्रि में चंडी चौक से गजराज कश्यप को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button