कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने लिया अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी से आशीर्वाद
पूरे जनपद को मिलेगा प्रदीप बत्रा के कैबिनेट मंत्री बनने का लाभ: श्रीमहंत रविंद्रपुरी

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने निरंजनी अखाड़े पहुंचकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से आशीर्वाद लिया। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने मां की चुनरी ओढ़ाकर एवं पगड़ी पहनाकर और मां मनसा देवी का चित्र भेंटकर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का स्वागत किया। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि प्रदीप बत्रा सौम्य स्वभाव के व्यक्ति हैं। उनके कैबिनेट मंत्री बनने का लाभ पूरे जनपद को मिलेगा। प्रदेश में परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ होगी। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुदृढ़ परिवहन व्यवस्था का लाभ मिलेगा। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि अगले वर्ष हरिद्वार में कुंभ मेले का आयोजन किया जाना है। कैबिनेट मंत्री के रूप में प्रदीप बत्रा कुंभ मेला सकुशल संपन्न कराने में अपना योगदान देंगे।

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने फरसे वाले बाबा के साथ हुई घटना की निंदा करते हुए कहा कि सरकार पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजे और कड़ी सजा दिलाए। निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी ने भी प्रदीप बत्रा को आशीर्वाद दिया और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। प्रदीप बत्रा ने कहा कि संतों के आशीर्वाद से प्रदेश के विकास में योगदान करेंगे। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले को दिव्य व भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और संतों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी। इस दौरान पंडित अधीर कौशिक, महंत राज गिरी व कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



