मंदिर से चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान व नगदी बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)
पारस कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। जनपद में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर पुलिस की पैनी नजर कोतवाली गंगनहर पुलिस ने मंदिर में चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल चोरी किया गया सामान और नगदी बरामद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा जनपद में हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तत्परता दिखाते हुए मामले का खुलासा किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 अप्रैल 2026 को कोतवाली गंगनहर क्षेत्र के एक मंदिर में चोरी की घटना सामने आई थी, जिसके संबंध में पुलिस ने तत्काल अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने सुरागरसी, पतारसी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र का सहारा लिया। जांच के दौरान 04 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने दून स्कूल वाली रोड से कलियर पुल की ओर जाते समय एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

पूछताछ में उसने मंदिर में चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की पहचान नवाज पुत्र इसरार निवासी निकट दून स्कूल, थाना सिविल लाइन रुड़की के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मंगलसूत्र, चार जोड़ी बिछुए, एक जोड़ी पायजेब, पीली धातु का मांग टीका, एक लांग, मंदिर की खंडित मूर्ति के त्रिशूल और चंद्राकार टूटे भाग सहित 668 नगद बरामद किए हैं। बरामदगी से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने मंदिर से ही ये सामान चोरी किया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत को पूरा करने के लिए छोटी-बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है। कार्रवाई में उप निरीक्षक मनीष कवि, कांस्टेबल लाल सिंह, अजयवीर और अजय दत्त की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



