उत्तराखंड

सीआईएसएफ कैंप में पूर्व अर्धसैनिक बल कर्मियों की संगोष्ठी, राष्ट्रीय मुद्दों पर हुई चर्चा

कलयुग दर्शन (24×7)

हिमांशु (संवाददाता)

हरिद्वार। सीआईएसएफ कैंप परिसर, भेल हरिद्वार में रविवार को पूर्व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कार्मिक वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडवोकेट रूप चंद आजाद ने की, जबकि संचालन संगठन सचिव राजीव शर्मा द्वारा किया गया। संगोष्ठी में संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। अध्यक्ष ने उपस्थित सदस्यों को जानकारी दी कि पिछले महीने दिल्ली में राष्ट्रीय संगठन के आह्वान पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में हरिद्वार इकाई की ओर से सक्रिय भागीदारी की गई थी। इस दौरान राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन से जुड़े अहम मुद्दों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि धरना-प्रदर्शन के दौरान पूर्व अर्धसैनिक बल कर्मियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया, जिनमें पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य कल्याणकारी मांगें शामिल थीं। इन मुद्दों पर केंद्र स्तर पर सकारात्मक संवाद हुआ है और आगे भी इसके समाधान के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली संगोष्ठियों में संगठन के प्रत्येक सदस्य को क्रमवार भागीदारी का अवसर दिया जाएगा, ताकि सभी सदस्य संगठन की गतिविधियों और नीतियों से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ सकें। संगोष्ठी के दौरान उपस्थित सदस्यों ने संगठन की मजबूती, आपसी सहयोग और एकजुटता पर जोर दिया। साथ ही भविष्य में संगठन को और सशक्त बनाने के लिए सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में सुभाष कपूर, धर्मपाल, राजीव शर्मा, राजकुमार, रवि, सोमनाथ, सोमदत्त, प्रेम सिंह, नरेश चंद, तारा प्रसाद, सुरेंद्र सिंह, एस.सी. थपलियाल, एस.एस. रावत, मुकेश कुमार, प्रवीर सिंह, राम बाबू, पुष्कर, मामचंद और नीलम देवी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button