उत्तराखंड

मुख्यमंत्री धामी ने किया श्री आनंद धर्मशाला का लोकार्पण, सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता को बताया राज्य सरकार की प्राथमिकता

हरिद्वार में आयोजित समारोह में बोले मुख्यमंत्री- 2027 कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने हेतु तेजी से चल रहे विकास कार्य

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित धर्मशाला के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षत्रिय कलौता समाज ने सदैव अपने परिश्रम, साहस और संस्कारों से समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा बलों में समाज के वीर सपूत देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट की सराहना करते हुए कहा कि यह धर्मशाला सेवा, समर्पण और परोपकार की भावना का प्रतीक है तथा आगामी कुंभ और चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार भारत की आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का प्रवेश द्वार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 के हरिद्वार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में कार्य कर रही है।

घाटों के पुनरुद्धार, सड़क, स्वच्छता, यातायात और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति को वैश्विक पहचान मिली है। अयोध्या राम मंदिर, केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम पुनर्विकास, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल लोक जैसी परियोजनाएं इसका उदाहरण हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर हरी चेतना नन्द महाराज, मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विनय रोहिला, विशाल पटेल, संतोष पटेल, आशाराम सिसोदिया, सीताराम पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए ट्रस्टी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button