उत्तराखंड

शिवा चौहान को टिकट देने की मांग, सैकड़ों समर्थकों ने भाजपा जिला अध्यक्ष को सौंपा पत्र

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट के दावेदार शिवा चौहान के समर्थन में शनिवार को सैकड़ों समर्थक जगजीतपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे। समर्थकों ने जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा को पत्र सौंपकर शिवा चौहान को विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की। समर्थकों में नसीपुर कलां, कुंहारी, लालढांग, पदार्था, धनपुरा, गैंडीखाता, श्यामपुर, गाजीवाली और पीली पड़ाव सहित विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लोग शामिल रहे। खास बात यह रही कि समर्थन जताने वालों में मुस्लिम समाज की महिलाओं की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। साबरा, सईदा और शहनाज ने कहा कि शिवा चौहान क्षेत्र के सक्रिय नेता हैं और हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से शिवा चौहान को टिकट देने की मांग की। वहीं, ग्रामीणों नूर, मृगांक और शेर आलम ने कहा कि शिवा चौहान ग्रामीण पृष्ठभूमि से जुड़े नेता हैं और क्षेत्र की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। वह जलभराव, बिजली, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता स्थानीय प्रत्याशी चाहती है और शिवा चौहान को पूरा समर्थन दे रही है।

इस दौरान समर्थकों ने दावा किया कि यदि भाजपा शिवा चौहान को प्रत्याशी बनाती है तो वह भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगे। शिवा चौहान ने कहा कि उनकी दावेदारी के बाद समर्थकों में खासा उत्साह है। पार्टी में टिकट मांगना प्रत्येक कार्यकर्ता का अधिकार है। यदि पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर देती है तो वह पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरने के साथ जीत हासिल करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि विधायक बनने पर जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप विधानसभा क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस अवसर पर राहुल सैनी, प्रदीप सैनी, दीपक चौहान, विवेक शर्मा, कुणाल कश्यप, नितिन पाल, प्रवीन सैनी, मनोज चौहान, विपिन सैनी, मुस्कान, शहनाज, शबनम, हनीफा, कनीजा, तस्लीम, महमुना, हसीना, अरमान, शेर आलम और मुर्सलीम सहित सैकड़ों समर्थक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button