संविधान के अधिकारों से पहले कर्तव्यों और दायित्वों का पालन जरूरी: राजकुमार चौहान

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। भारतीय संविधान देश की आत्मा है। इसमें मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और दायित्वों के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था की अमूल्य धरोहर समाहित है। यह विचार वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व स्टेट बार काउंसिल सदस्य राजकुमार चौहान ने अधिवक्ता परिषद की ओर से आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम में व्यक्त किए। शनिवार को रोशनाबाद स्थित डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के सभागार में अधिवक्ता परिषद की जिला इकाई की ओर से संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार चौहान ने कहा कि भारतीय समाज में रामायण और महाभारत के उदाहरण दिए जाते हैं। महाभारत में जहां अधिकारों की मांग का प्रसंग है, वहीं रामायण में दायित्वों और कर्तव्यों के पालन का संदेश मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को संविधान की मूल भावना को समझने के साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी इसके पालन के लिए प्रेरित करना चाहिए। हमें अपने मौलिक अधिकारों का उपयोग कर्तव्यों के निर्वहन के साथ करना चाहिए। अधिवक्ता परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राठौर, राजीव सैनी, आनंद राणाकोटी, ललित उपाध्याय और विदुषी प्रियंका चौहान ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को संविधान की प्रस्तावना और उसके उद्देश्यों के अनुरूप चलते हुए अधिकारों से पहले अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों के प्रति समर्पित रहना चाहिए।

वक्ताओं ने अधिवक्ता समाज से संविधान दिवस को विधि पर्व के रूप में मनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन अध्यक्ष एवं अधिवक्ता परिषद के जिला अध्यक्ष कुलवंत सिंह चौहान ने उपस्थित अधिवक्ताओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। उन्होंने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश आमंत्रित सदस्य अमरीश कुमार, जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र वर्मा, जिला महामंत्री विनीत, आवेश धीमान, विष्णुकांत उपाध्याय, तरसेम सिंह चौहान, अजय चौहान, लोकेश दक्ष, दीपक ठाकुर, तोषी चौहान, रूपेश कुमार, नागेंद्र सक्सेना, राजीव चौहान, मोतीलाल कौशल, रविंद्र सहगल, कीरत पाल, अनिता सेठ, मीनाक्षी कपिल, शिवानी बैंसला, जितेंद्र सिंघानिया और सोनू राणा सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।



