अर्धकुंभ-2027 की सुरक्षा तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, मुख्य पुलिस लाइन का उद्घाटन

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। अर्धकुंभ मेला-2027 को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कुंभ मेला पुलिस की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने ऋषिकुल मैदान में अर्धकुंभ मेला क्षेत्र की मुख्य पुलिस लाइन का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने अन्य अधिकारियों के साथ रिबन काटने के साथ पूजा-अर्चना कर पुलिस लाइन का शुभारंभ किया। अर्धकुंभ मेले के दौरान पुलिस फोर्स के ठहरने, तैनाती और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का संचालन इसी मुख्य पुलिस लाइन से किया जाएगा। उद्घाटन के बाद एडीजी ने पुलिस लाइन का निरीक्षण कर जवानों के रहने की व्यवस्था, टेंट में बनाई गई बैरकों, अस्थायी जीडी कार्यालय, कैश कार्यालय सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इसके बाद पुलिस अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में क्राउड मैनेजमेंट, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और फायर सर्विस प्लान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एडीजी ए.पी. अंशुमान ने कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए टीमवर्क बेहद जरूरी है। सभी पुलिसकर्मियों को अपने ड्यूटी पॉइंट की जानकारी के साथ-साथ पूरे कुंभ मेला क्षेत्र की भौगोलिक और आध्यात्मिक जानकारी भी होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।



