उत्तराखंड

अर्धकुंभ को भव्य और ऐतिहासिक बनाने पर मुख्यमंत्री धामी से मिले स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। हरिद्वार में प्रस्तावित अर्धकुंभ को भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने को लेकर श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर एवं अखिल भारतीय संत समिति के उपाध्यक्ष जगद्गुरु स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की। इस दौरान अर्धकुंभ की तैयारियों, व्यवस्थाओं और आयोजन को व्यापक स्वरूप देने के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में आगामी वर्ष उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव और हरिद्वार अर्धकुंभ जैसे दो महत्वपूर्ण आयोजनों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान कहा गया कि चुनावी दायित्वों के साथ अर्धकुंभ की व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करना सरकार के सामने बड़ी चुनौती होगी। इसके बावजूद आयोजन को पूरे उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न कराने पर जोर दिया गया। स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि ने कहा कि लगभग 84 वर्ष बाद हरिद्वार अर्धकुंभ और उज्जैन सिंहस्थ कुंभ के आयोजनों के बीच एक वर्ष का अंतर आने से उत्तराखंड सरकार के पास हरिद्वार के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का विशेष अवसर है।

इस अवसर का लाभ उठाकर अर्धकुंभ को ऐतिहासिक बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अर्धकुंभ को सफल और यादगार बनाने के लिए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद, अखिल भारतीय संत समिति, विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं तथा देशभर के प्रमुख संतों और विशिष्ट व्यक्तियों से संवाद किया जाएगा। साथ ही उन्हें आयोजन से जोड़ने और आमंत्रित करने की पहल भी की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महामंडलेश्वर स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि के बीच हुई इस मुलाकात को अर्धकुंभ की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संत समाज के सहयोग और सहभागिता से आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने की दिशा में इसे अहम पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button