मुख्यमंत्री के दौरे पर शिक्षक नेता डॉ. अशोक मलिक नजरबंद, निजी स्कूलों के नियमों पर उठाए सवाल

कलयुग दर्शन (24×7)
अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहारनपुर आगमन के दौरान शिक्षक नेता डॉ. अशोक मलिक को लेबर कॉलोनी स्थित भगवती देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में सुबह 8 बजे से पुलिस प्रशासन की निगरानी में नजरबंद रखा गया। डॉ. अशोक मलिक ने कहा कि सरकार नए स्कूलों पर आधुनिक भवन मानकों को लागू करे, लेकिन 25 से 50 वर्ष पुराने गली-मोहल्लों में संचालित मान्यता प्राप्त स्कूलों पर नए भवन नियम लागू करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यालयों ने सर्व शिक्षा अभियान और साक्षर भारत मिशन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका आरोप है कि नए नियमों का उपयोग छोटे निजी स्कूलों के उत्पीड़न के लिए किया जा रहा है, जबकि प्रदेश के सभी बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने में निजी विद्यालयों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि यदि निजी स्कूल चलाना अपराध माना जाएगा, तब भी वे शिक्षा सेवा का कार्य जारी रखेंगे।




