कांग्रेस पार्षद ने निजी खर्च से सूखी नदी पर लगवाए सुरक्षा जाल

कलयुग दर्शन (24×7)
विजय कुमार (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के वार्ड 4 के कांग्रेस पार्षद महावीर वशिष्ठ ने अपने निजी खर्च से सूखी नदी पर सुरक्षा जाल लगवाकर जनसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। जानकारी के अनुसार सूखी नदी पर लगे सुरक्षा जाल पिछले लगभग छह माह से क्षतिग्रस्त होकर नदी में पड़े थे। इससे नदी में गंदगी का अंबार लगने के साथ ही बरसात के दौरान तेज बहाव में जाल बह जाने की आशंका बनी हुई थी। स्थानीय लोगों को भी इससे लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पार्षद महावीर वशिष्ठ ने इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया। लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

विभागीय उदासीनता को देखते हुए उन्होंने स्वयं पहल करते हुए अपने निजी संसाधनों से सुरक्षा जाल लगाने का निर्णय लिया। उन्होंने केवल कार्य शुरू ही नहीं कराया, बल्कि रात करीब 12 बजे तक स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर पूरे कार्य की निगरानी की और कार्य पूर्ण होने के बाद ही वहां से लौटे। पार्षद की इस पहल की क्षेत्रवासियों सराहना करते हुए कहा कि जब विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने में पीछे रह गया, तब जनप्रतिनिधि ने आगे बढ़कर जनता की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल समाधान कराया। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्य इसी तत्परता के साथ किए जाते रहेंगे।



