उत्तराखंड

छात्रा से दुष्कर्म, ब्लैकमेल और जबरन शादी का आरोप; कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र की एक 19 वर्षीय छात्रा ने एक युवक पर बेहोश कर दुष्कर्म करने, आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा जबरन शादी का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपी की भाभी पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश पर ज्वालापुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता की ओर से न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, कुछ समय पहले उसकी पहचान पांवधोई क्षेत्र की एक महिला से हुई थी। महिला ने उसे अपने घर बुलाना शुरू किया और कथित तौर पर अपने देवर उवेश से दोस्ती करने का दबाव बनाया। छात्रा के इनकार के बावजूद उसका मोबाइल नंबर देवर को दे दिया गया। इसके बाद आरोपी लगातार फोन करने लगा और स्कूल के बाहर पहुंचकर दोस्ती के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर परिवार समेत जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। छात्रा का आरोप है कि 16 मार्च को बोर्ड परीक्षा देकर स्कूल से निकलने के बाद आरोपी उसे धमकाकर जबरन बाइक पर अपनी भाभी के घर ले गया।

वहां पानी पीने के बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसे अपने साथ दुष्कर्म होने की जानकारी हुई। आरोप है कि इस दौरान उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए गए, जिनके जरिए उसे बदनाम करने की धमकी दी गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि बाद में आरोपी उसे रोशनाबाद ले गया, जहां उससे कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए और एक वीडियो भी बनवाया गया। इसके बाद शादी का दबाव बनाया गया और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग की गई। पीड़िता का कहना है कि पहले पुलिस से शिकायत करने पर कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। न्यायालय के आदेश पर ज्वालापुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button