कांवड़ मेले में शिवभक्तों की सेवा को समर्पित रहेगा माँ भगवती जन सेवा समिति का विशाल निशुल्क भंडारा
30 जुलाई से 11 दिनों तक 24 घंटे मिलेगा सात्विक भोजन, विश्राम एवं स्नान की निःशुल्क सुविधा: संतोष पाण्डेय

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले के पावन अवसर पर शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के उद्देश्य से माँ भगवती जन सेवा समिति द्वारा इस वर्ष भी विशाल निशुल्क भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। समिति का यह चतुर्थ वार्षिक सेवा शिविर एवं विशाल भंडारा आगामी 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी कांवड़ियों की सेवा में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। भंडारा लगातार 11 दिनों तक 24 घंटे संचालित होगा, जिसमें शिवभक्तों के लिए शुद्ध एवं सात्विक भोजन (प्रसाद) की निःशुल्क व्यवस्था रहेगी। समिति के वरिष्ठ सदस्य संतोष पाण्डेय ने बताया कि दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्राम के लिए पंडाल, बैठने एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था की जा रही है।

इसके अलावा स्नान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विशेष रूप से शावर भी लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भंडारे एवं सेवा शिविर को सफल बनाने के लिए समिति के अध्यक्ष ज्ञानेश उपाध्याय, तुलसी राम, सचिव सतीश कुमार, शिव कुमार, संतोष पाण्डेय, नेक राम, अनिल कुमार सहित समिति के सभी समर्पित कार्यकर्ता दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं। समिति ने सभी सनातन धर्म प्रेमियों एवं शिवभक्तों से सेवा शिविर में पहुंचकर सेवा कार्य में सहभागी बनने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।



