खाकी का दम, महादेव की कृपा: कांवड़ मेला-2026 की ऐतिहासिक सफलता पर पुलिसकर्मियों का भव्य सम्मान

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के सुरक्षित एवं सफल आयोजन के बाद हरिद्वार स्थित प्रेमनगर आश्रम में पुलिस विभाग की ओर से भव्य ‘बड़ा खाना’ एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कांवड़ यात्रा को निर्विघ्न संपन्न कराने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों, ट्रैफिक वालंटियर्स एवं एसपीओ को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एडीजी कानून-व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन, आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे और आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं एसएसपी नवनीत सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने कांवड़ मेला-2026 के दौरान पुलिस की ओर से किए गए सुरक्षा प्रबंधों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट सुनकर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

पहली बार कांवड़ मेले की ड्यूटी में शामिल हुए ट्रेनी रिक्रूट्स ने भी अपनी कार्यकुशलता और अनुशासन से अधिकारियों का विश्वास जीता। पुलिस बल के कठिन परिश्रम, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए मुख्य अतिथि एडीजी कानून-व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने पूरी फोर्स के लिए तीन दिन के विशेष पारितोषिक अवकाश (रिवॉर्ड लीव) की घोषणा की। घोषणा के बाद पुलिसकर्मियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। समारोह के अंत में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने एक साथ बैठकर ‘बड़ा खाना’ का आनंद लिया। आयोजन ने पुलिस विभाग की एकजुटता, समर्पण और टीम भावना को मजबूती प्रदान की। कांवड़ मेला-2026 की सफलता ने एक बार फिर साबित किया कि आस्था के इस विराट आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में हरिद्वार पुलिस के जवानों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की अहम भूमिका रही।




