उत्तराखंड

स्वतंत्रता दिवस पर मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया ने आयोजित किया भव्य कार्यक्रम, बच्चों ने दी देशभक्ति व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कलयुग दर्शन (24×7)

रजत कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया, हरिद्वार इकाई उत्तराखंड की ओर से गोल्डन ट्री वेंकट हॉल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष योगेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में देशभक्ति, संस्कृति और बच्चों की प्रतिभा का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अमिता चड्ढा ने किया। कार्यक्रम में देहरादून से हिमाचल टाइम्स अखबार की इंद्राणी पांधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि वरिष्ठ पत्रकार मेहताब आलम और अर्जुन धनगर विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ। गायत्री म्यूजिक टीम की उमा तनेजा के निर्देशन में छोटे-छोटे बच्चों ने देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मासूमियत, उत्साह और प्रतिभा ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम के माहौल को और अधिक भावपूर्ण बना दिया।

इस अवसर पर मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया हरिद्वार इकाई उत्तराखंड के जिला अध्यक्ष योगेश कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, बच्चों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। मुख्य अतिथि इंद्राणी पांधी तथा विशिष्ट अतिथि अर्जुन धनगर और मेहताब आलम ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए बच्चों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ उनमें देशभक्ति, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस दौरान मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया हरिद्वार इकाई उत्तराखंड के सदस्य हितेश चौहान, शाहिद अहमद और हितेश कथूरिया मौजूद रहे। गायत्री म्यूजिक टीम की उमा तनेजा सहित टीम के अन्य संगीत छात्र भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button