ऑनलाइन व्यापार से मध्यम वर्गीय व्यापारियों का शोषण रोकने को ठोस रणनीति बनाए सरकार

कलयुग दर्शन (24×7)
विनय कुमार (संवाददाता)
रुड़की। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की नगर इकाई रुड़की की ओर से चंद्रशेखर चौक पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए योगदान देने का संकल्प लिया। मुख्य वक्ता जिला महामंत्री विभोर अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसा राष्ट्रीय पर्व हमें महान देशभक्त क्रांतिकारियों के बलिदान के फलस्वरूप मनाने का अवसर मिला है। आजादी की सार्थकता तभी है, जब हम समाज और राष्ट्र में व्याप्त बुराइयों का त्याग कर क्षेत्र, समाज और देश की खुशहाली एवं तरक्की में अपना योगदान दें। उन्होंने सभी देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य सरकार से मध्यम वर्गीय व्यापारियों के हित में ठोस रणनीति बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते प्रभाव से स्थानीय व्यापारियों के सामने बड़ी चुनौतियां खड़ी हो रही हैं।

यदि समय रहते व्यापारियों के हित में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में मध्यम वर्गीय व्यापारी भी अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हो सकते हैं। प्रदेश मंत्री एवं जिला सहप्रभारी हरिद्वार संजय गर्ग ने कहा कि शीघ्र ही नगर में सदस्यता अभियान चलाकर नगर इकाई के चुनाव कराए जाने चाहिए। मजबूत टीम का गठन कर व्यापारियों के हितों के लिए संघर्ष किया जाएगा। कार्यवाहक नगर अध्यक्ष अनूप राणा एवं नगर महामंत्री राकेश बजाज ने कहा कि जल्द ही नगर में सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव संपन्न कराकर मजबूत संगठन तैयार किया जाएगा। इस अवसर पर जिला मंत्री राकेश रोडिया, अनूप बंसल, नगर कोषाध्यक्ष योगेश गर्ग सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।



