मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले आचार्य महामंडलेश्वर अवधूत बाबा अरुण गिरी महाराज बोले 2027 का कुंभ दिव्य और भव्य होगा

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। आवाहन पीठाधीश्वर, आचार्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 अनंत श्री विभूषित अवधूत बाबा अरुण गिरी जी महाराज (एनवायरमेंट बाबा) ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर आगामी कुंभ मेले की तैयारियों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कुंभ मेले के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं। भेंट के दौरान आचार्य महामंडलेश्वर अवधूत बाबा अरुण गिरी जी महाराज ने कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि में आयोजित होने वाला कुंभ मेला सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक आस्था और भारतीय परंपराओं का अद्भुत संगम होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कुंभ की तैयारियों को लेकर किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं और सभी के सहयोग से यह आयोजन ऐतिहासिक स्वरूप लेगा। आचार्य महामंडलेश्वर अवधूत बाबा अरुण गिरी जी महाराज ने कहा, “आगामी कुंभ दिव्य और भव्य होगा। यह कुंभ सनातन संस्कृति, धर्म और आध्यात्मिक चेतना का विश्वव्यापी संदेश देगा।

देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित हों और कुंभ की दिव्यता एवं भव्यता पूरे विश्व में दिखाई दे, यही हमारी कामना है।” उन्होंने कहा कि कुंभ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की वैश्विक पहचान है। कुंभ के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति जागरूकता का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जाना चाहिए। आचार्य महामंडलेश्वर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार द्वारा कुंभ की तैयारियों को लेकर किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संत समाज और श्रद्धालुओं की भावनाओं के अनुरूप कुंभ का आयोजन भव्य, व्यवस्थित और सुरक्षित होना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि संत समाज, प्रशासन और आमजन के सामूहिक सहयोग से आगामी कुंभ देश-दुनिया के लिए एक अनुकरणीय आयोजन बनेगा और देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रतिष्ठा को और मजबूत करेगा।



