साधना से होती है भगवान शिव की प्राप्ति: स्वामी कैलाशानंद गिरी

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। श्री दक्षिण काली मंदिर में आयोजित निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी की पूरे सावन चलने वाली शिव साधना निरंतर जारी है। लोक कल्याण के लिए निमित्त स्वामी कैलाशानंद गिरी प्रतिदिन 18 घंटे एक ही आसन में बैठकर भगवान शिव की कठोर साधना कर रहे हैं। साधना में रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होते हैं। श्रद्धालु भक्तों को शिव साधना का महत्व बताते हुए स्वामी कैलाशानंद गिरी ने कहा कि यदि प्रतिदिन 4 घंटे एक ही आसन में बैठकर भगवान शिव का ध्यान और साधना की जाए तो आसन सिद्ध हो जाता है और भक्त भगवान शिव को प्राप्त कर लेता है। उन्होंने कहा कि सभी को मन, वचन और कर्म से सात्विक रहकर प्रतिदिन भगवान शिव की आराधना करनी चाहिए।

आराधना से प्रसन्न होकर भगवान शिव भक्त की सभी इच्छाएं पूर्ण कर देते हैं। स्वामी कैलाशानंद गिरी के परम् शिष्य स्वामी अवंतिकांनद ब्रह्मचारी ने बताया कि प्रतिदिन देश विदेश से सैकड़ों श्रद्धालु गुरूदेव से आशीर्वाद लेने के लिए पहुंच रहे हैं। स्वामी अवंतिकानंद ब्रह्मचारी ने बताया कि 28 अगस्त श्रावण पूर्णिमा को संत महापुरूषों और श्रद्धालु भक्तों की उपस्थिति में गुरूदेव साधना का समापन करेंगे। इस दौरान स्वामी कृष्णानंद ब्रह्मचारी, स्वामी बालमुकुंदानंद ब्रह्मचारी सहित श्री दक्षिण काली मंदिर के संत और श्रद्धालु मौजूद रहे।



