उत्तराखंड

जंग लगे कनस्तरों में मिला 1.6 कुंतल रसगुल्ला, 2 क्विंटल स्टार्च पाउडर नष्ट

वाजिद स्वीट्स में गंदगी मिलने पर मिठाई निर्माण बंद, एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित; जिलेभर से 12 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर मंगलवार को जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग की विभिन्न टीमों ने पनीर एवं मिठाई निर्माण इकाइयों, मिठाई दुकानों, डेयरियों, ढाबों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। उपायुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल आरएस रावत के नेतृत्व में सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने गुप्त सूचना के आधार पर कलियर के पास सोहलपुर स्थित वाजिद स्वीट्स का निरीक्षण किया। मौके पर आठ जंग लगे और गंदे टीन के कनस्तरों में करीब 1.6 कुंतल सफेद रसगुल्ले, 15 किलो गुलाबी रंग के रसगुल्ले, 25 किलो स्टार्च पाउडर और करीब 40 किलो मिल्क केक विक्रय के लिए रखा मिला। निरीक्षण के दौरान रसगुल्लों के कई कनस्तरों में मरी हुई मधुमक्खियां और मक्खियां मिलीं। कनस्तरों में जंग लगी थी और रसगुल्लों के निर्माण में स्टार्च पाउडर का इस्तेमाल किया जा रहा था। निर्माण स्थल पर भीषण गंदगी मिली। फूड ग्रेड व्यवस्था का अभाव, कच्ची फर्श, गंदी दीवारें और काली पड़ी छत के साथ मिल्क केक की ट्रे एवं डिब्बे धूल भरे स्थानों पर रखे पाए गए। टीम ने खुले रसगुल्ले और स्टार्च पाउडर सहित तीन नमूने जांच के लिए लिए।

इसके बाद शेष मिठाइयों तथा करीब दो क्विंटल स्टार्च पाउडर को मौके पर गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने वाजिद स्वीट्स में मिठाई निर्माण कार्य को अग्रिम आदेशों तक बंद करा दिया तथा फर्म का एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित कर दिया। इसी टीम ने सिडकुल स्थित एक पनीर निर्माण इकाई का भी निरीक्षण किया। वहां फ्रीजर में करीब 50 किलो निर्मित पनीर संदिग्ध मिला। पनीर एनालॉग है या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए एक नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया। मौके पर किसी हानिकारक केमिकल की बरामदगी नहीं हुई। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने मायापुर, कनखल, रानीपुर मोड़ और ज्वालापुर क्षेत्र में आठ डेयरियों, ढाबों, रेस्टोरेंट एवं सप्लायर का निरीक्षण किया। इस दौरान घेवर, पतीसा, खुला दूध, पैक्ड दही और पैक्ड ऑयल के पांच नमूने लिए गए। वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पाण्डेय ने रुड़की शहर की विभिन्न मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर मिठाइयों के तीन नमूने जांच के लिए लिए। इस प्रकार जनपद में कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जनपद में यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button