उत्तराखंड

राष्ट्र कल्याण एवं विश्व शांति के लिए विशेष रुद्राभिषेक कर आचार्य रमेश सेमवाल जी महाराज ने की जनकल्याण की कामना, बड़ी संख्या में भक्तजन रहे मौजूद

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

रुड़की। ज्योतिष गुरुकुलम श्रीसोना देवी शिव मंदिर में आज राष्ट्र कल्याण, विश्व शांति एवं जनकल्याण की मंगलकामना को लेकर भगवान आशुतोष का विशेष रुद्राभिषेक श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। ज्योतिष गुरुकुलम के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु आचार्य रमेश सेमवाल महाराज जी महाराज के पावन सानिध्य में भक्तजनों ने भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर 108 लीटर पवित्र गंगाजल के साथ दूध, दही, शहद, घी एवं शक्कर आदि पवित्र द्रव्यों से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। 1008 बेल पत्री समर्पित कर वैदिक मंत्रोच्चार एवं भगवान शिव के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। आचार्य रमेश सेमवाल जी महाराज ने कहा कि आज पूरे विश्व में अशांति है। प्राकृतिक आपदाएं एवं युद्ध विवाद चल रहा है। इन सब का निवारण महादेव के द्वारा हो जाएगा, इसलिए अनुष्ठान किया जा रहा है। महादेव पूरे विश्व में शांति स्थापित करेंगे तथा वैदिक मंत्र शक्ति के द्वारा विश्व में शांति स्थापित होगा‌। आचार्य रमेश सेमवाल जी महाराज ने कहा कि भगवान शिव करुणा, शांति और कल्याण के स्वरूप हैं।

शिव आराधना एवं रुद्राभिषेक से मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और समाज में शांति, सद्भाव एवं आध्यात्मिक चेतना का वातावरण निर्मित होता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र कल्याण, विश्व शांति और मानव मात्र के सुख-समृद्धि की भावना से किया गया धार्मिक अनुष्ठान सनातन संस्कृति की लोकमंगल की परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान शिव की आराधना के साथ धर्म, सेवा, सदाचार और मानव कल्याण के कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया। रुद्राभिषेक के पश्चात श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से देश में सुख-शांति, विश्व में शांति, प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा तथा समस्त प्राणियों के कल्याण की प्रार्थना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे और सभी ने भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर राधा भटनागर, चित्रा गोयल, सुलक्षणा सेमवाल, प्रतीक्षा, पूजा वर्मा, रितु वर्मा आदि भक्तगण प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button