100 दिव्यांगजनों को मिलेंगे निःशुल्क कृत्रिम अंग
3 से 5 अक्टूबर तक रुड़की में लगेगा तीन दिवसीय शिविर, व्हीलचेयर व सहायक उपकरण भी होंगे वितरित

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
रुड़की। भारत विकास परिषद मुख्य शाखा रुड़की द्वारा जरूरतमंद दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग देने के उद्देश्य से निःशुल्क “कृत्रिम अंग दिव्यांग शिविर” आयोजित किया जा रहा है। शिविर 3 से 5 अक्टूबर 2026 तक होटल सचिन इंटरनेशनल, ईदगाह चौक के निकट, काशीपुरी, रुड़की में आयोजित होगा। तीन दिवसीय शिविर में करीब 100 जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता एवं नाप के अनुसार कृत्रिम हाथ, बाँह, पैर और टांग सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनकी फिटिंग की जाएगी। जरूरतमंदों को व्हीलचेयर भी प्रदान की जाएगी। दिव्यांग पहचान पत्र के आधार पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा। शिविर पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। बाहर से आने वाले लाभार्थियों एवं उनके साथ आने वाले व्यक्तियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है।

लाभार्थियों के लिए पूर्व पंजीकरण आवश्यक है। पंजीकरण के लिए श्रीमती आशा चंद्रा, शालिनी जैन, वीणा जैन एवं श्रीमती निधि शांडिल्य से संपर्क किया जा सकता है। शिविर का समन्वय सचिन गुप्ता एवं श्रीमती पूजा गुप्ता द्वारा किया जा रहा है। परिषद की अध्यक्ष श्रीमती आशा चंद्रा, सचिव श्रीमती निधि शांडिल्य तथा कोषाध्यक्ष एवं वित्त सचिव संजय सिंघल के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा प्रकल्प में संरक्षक सत्येंद्र गुप्ता, सेवा संयोजक मनोज अग्रवाल, पर्यावरण संयोजक अनिल जैन, डॉ. बीना गुप्ता, रमेश रावल सहित परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सहयोग मिल रहा है। परिषद ने समाज के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक शिविर की जानकारी पहुंचाएं, ताकि पात्र व्यक्ति इस निःशुल्क सेवा का लाभ उठा सकें।



