उत्तराखंड
हरिद्वार पुलिस ने प्रेमनगर आश्रम घाट पर चलाया सफाई अभियान, गंगा स्वच्छता का दिया संदेश

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। मां गंगा की स्वच्छता और घाटों को साफ-सुथरा रखने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस के जवानों ने प्रेमनगर आश्रम घाट के पास वृहद सफाई अभियान चलाया। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर सीओ ट्रैफिक दीपेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस जवानों और प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट्स ने गंगा तट व आसपास के घाटों से पॉलीथिन और अन्य कचरा हटाया। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को गंगा की पवित्रता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया।

साथ ही गंगा में कूड़ा, पॉलीथिन और अन्य अपशिष्ट न डालने तथा घाटों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की। हरिद्वार पुलिस ने कहा कि मां गंगा की स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक और श्रद्धालु की सामूहिक जिम्मेदारी है।



