हरिद्वार में 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए 126 केंद्र निर्धारित, 48,320 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा के सफल संचालन और केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अभिषेक शुक्ला ने बताया कि जनपद हरिद्वार में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में कुल 48,320 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 25,239 और इंटरमीडिएट के 23,081 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षाओं के लिए जनपद में कुल 126 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 17 एकल और 109 मिश्रित परीक्षा केंद्र हैं। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा में संस्थागत श्रेणी के 12,485 बालक एवं 11,952 बालिकाएं तथा व्यक्तिगत श्रेणी के 550 बालक एवं 252 बालिकाएं परीक्षा देंगे। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा में संस्थागत श्रेणी के 11,218 बालक एवं 10,406 बालिकाएं तथा व्यक्तिगत श्रेणी के 937 बालक एवं 520 बालिकाएं सम्मिलित होंगी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ बिजली, पेयजल, शौचालय और छात्र-छात्राओं के बैठने की उचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समय रहते समीक्षा की जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और परीक्षा की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा, खंड शिक्षा अधिकारी लक्सर विनोद कुमार, रुड़की की आकांक्षा राठौर, खानपुर के शानै करीम सिद्दीकी, राजकीय इंटर कॉलेज गैण्डीखाता के प्रधानाचार्य भानु प्रताप शर्मा, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज रुड़की की प्रधानाचार्य नीलम कटियार, प्रशासनिक अधिकारी रश्मि गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वर्चुअल माध्यम से ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, उपजिलाधिकारी लक्सर अनिल शुक्ला और उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह ने भी बैठक में प्रतिभाग किया।



