उत्तराखंड

सुरक्षित बचपन अभियान के तहत चार विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। हरिद्वार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) एवं पुलिस विभाग की ओर से बाल संरक्षण और बच्चों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 अक्टूबर को इमलीखेड़ा, कलियर, धनौरी और माजरी स्थित चार विद्यालयों में ‘सुरक्षित बचपन’ विषय पर विधिक जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। धनौरी स्थित राजा बाबू इंटर कॉलेज में एसीजेएम हरिद्वार एवं उपनिरीक्षक महिपाल सैनी की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ। एमजीएफएम इंटर कॉलेज, कलियर में प्रथम अपर जिला जज रुड़की अंबिका पंत, प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी मौजूद रहे। माजरी इंटर कॉलेज में एसीजेएम द्वितीय रुड़की विपिन तथा अपर उपनिरीक्षक सूरज नेगी ने प्रतिभाग किया। वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज इमलीखेड़ा में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम रुड़की दीप्ति पंत और उपनिरीक्षक योगेश कुमार की उपस्थिति में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, पॉक्सो (POCSO) अधिनियम तथा बच्चों को मानसिक और शारीरिक शोषण से बचाने के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में सतर्क रहने और उचित माध्यम से शिकायत करने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यशालाओं के दौरान न्यायिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। विद्यालय प्रबंधन, स्थानीय नागरिकों और छात्र-छात्राओं ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं पुलिस विभाग की इस संयुक्त पहल की सराहना की। अभियान का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित, भयमुक्त और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button