‘एक शाम सलीम खान के नाम’ में सुरों से सजी यादगार महफिल
सैकड़ों संगीत प्रेमियों ने लिया कार्यक्रम का आनंद, कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
रुड़की। वॉइस ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित ‘एक शाम सलीम खान के नाम’ संगीतमय कार्यक्रम में कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर देर रात तक समां बांधे रखा। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, रुड़की और मेरठ से पहुंचे गायकों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं फिल्म प्रोड्यूसर हर्षदीप सिंह राव, विश्व उपभोक्ता संगठन-भारत के नेशनल चेयरमैन असगर आलम तथा राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव योगेश प्रताप सिंह विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे।

कार्यक्रम संयोजिका सोना कुरैशी ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। वॉइस ऑफ इंडिया के डायरेक्टर सलीम खान ने अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनके साथ पाशा खान, आरिफ मिर्जा और शेरू मलिक ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं। दर्शक देर रात तक गीत-संगीत का आनंद लेते हुए कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे। कार्यक्रम में रुड़की एवं हरिद्वार क्षेत्र के गणमान्य लोगों के अलावा देवबंद से इसरार गौरी, जुल्फिकार बेग, जावेद अख्तर और डॉ. अनीश सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम को संगीत प्रेमियों के लिए यादगार शाम बताया।



