उत्तराखंड

35 पैकेट पेड़ा मिठाई की बिक्री पर रोक, 15 खाद्य पदार्थ भी हटवाए

हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाई निर्माण इकाइयों और दुकानों का किया निरीक्षण

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को शिवालिक नगर, इकबालपुर, मंगलौर और झबरेड़ा में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई निर्माण इकाइयों एवं दुकानों का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान 35 पैकेट पेड़ा मिठाई मौके से हटवाकर उनकी बिक्री पर रोक लगा दी गई, जबकि मोबाइल फूड वैन के माध्यम से जांचे गए 82 खाद्य पदार्थों में से मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए 15 खाद्य पदार्थों को भी मौके से हटवाया गया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की टीम ने शिवालिक नगर एवं इकबालपुर क्षेत्र में मिठाई निर्माण इकाइयों और दुकानों का निरीक्षण किया। पथरी थाना पुलिस से मिली सूचना के आधार पर एक मिठाई निर्माण इकाई की जांच की गई। यहां से खुले रसगुल्ले और गुलाब जामुन के दो नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण में अनिवार्य दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने, मिठाइयों के बड़े डिब्बे ढककर नहीं रखने तथा गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं मिलने पर इकाई को नोटिस जारी किया गया। साथ ही साफ-सफाई और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने तक मिठाइयों का निर्माण, भंडारण और बिक्री बंद रखने के निर्देश दिए गए।

वहीं, शिवालिक नगर स्थित एक रिटेल स्टोर से पेड़ा मिठाई का नमूना लिया गया। जांच में प्रतिष्ठान के खाद्य पंजीकरण में मिठाई की श्रेणी शामिल नहीं मिली। इस पर आवश्यक संशोधन होने तक मिठाइयों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगा दी गई। इसके अलावा पैकेटों पर निर्माता का नाम और पता अंकित नहीं होने के कारण 400 ग्राम के 11 और 800 ग्राम के 23 पैकेट सहित कुल 35 पैकेट पेड़ा मिठाई हटवाए गए। दूसरी ओर, उपायुक्त लैब वीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार की टीम ने मंगलौर और झबरेड़ा में मोबाइल फूड वैन के माध्यम से मिठाई, खाद्य तेल और नमकीन सहित कुल 82 खाद्य पदार्थों की जांच की। इनमें से 15 खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिन्हें मौके से हटवा दिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच एवं निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button