यूपीआई पर 4 प्रतिशत एमडीआर के विरोध में डिस्ट्रीब्यूटर्स का प्रदर्शन

कलयुग दर्शन (24×7
संदीप कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। दो हजार रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान पर 4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) लगाए जाने के विरोध में हरिद्वार डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ने ज्वालापुर कोतवाली के सामने प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने एमडीआर को अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र भटेजा ने कहा कि यूपीआई व्यापारिक लेनदेन का प्रमुख माध्यम बन चुका है। ऐसे में यूपीआई भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने से व्यापारियों और डिस्ट्रीब्यूटर्स की लागत बढ़ेगी। उन्होंने व्यवस्था की समीक्षा कर व्यापारियों को राहत देने की मांग की। प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए यूपीआई को व्यापक रूप से अपनाया गया है। ऐसे में लेनदेन पर एमडीआर लगाए जाने से व्यापारी चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि संगठन इस मुद्दे को लेकर आगे भी आवाज उठाएगा।

कोषाध्यक्ष सुनील अरोड़ा ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन से 2 अक्टूबर को यूपीआई भुगतान स्वीकार न करने तथा यूपीआई साउंड बॉक्स और क्यूआर स्कैनर पर काला कपड़ा डालकर विरोध दर्ज कराने की अपील की गई है। प्रदर्शन में रुपेश गोयल, अभिषेक बाटला, अतुल गोयल, सुरेश साहनी, अभितेश गुप्ता, राकेश कंसल, शुभम अग्रवाल, इंद्रजीत सिंह, संजीव बब्बर, सचिन गोयल, संजय खुराना, राजीव अरोड़ा, प्रवीण गाबा, आलोक गुप्ता, विपिन शर्मा, गौरव शर्मा, अमित अग्रवाल, मनीष बत्रा, दीपांकर चक्रपाणि, हरविंदर सिंह, घनश्याम विरमानी, अर्पण ग्रोवर, अजय अनेजा, विकल्प गोयल और नरेंद्र तनेजा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।



