नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर 120 किलो पीतल चोरी, तीन गिरफ्तार
पीपली पुल के पास पकड़ा गिरोह, 25 किलो पीतलनुमा धातु और बाइक बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। लक्सर पुलिस ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बुजुर्ग और उसके साथी को बेहोश कर करीब 120 किलो पीतल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 25 किलो पीतलनुमा धातु व पाइप, 1500 रुपये नकद और चोरी के माल की बिक्री से खरीदी गई मोटरसाइकिल बरामद की है। चोरी की गई स्प्लेंडर बाइक और शेष माल की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, धमरौला निवासी अशोक कुमार ने 25 अगस्त को लक्सर कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि चरखी गोदाम में उन्हें और उनके साथी को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद आरोपित उनकी मोटरसाइकिल और करीब 120 किलो पीतल चोरी कर ले गए। जांच में सामने आया कि आरोपितों ने पहले गोदाम की रैकी की और फिर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दोनों को पिला दिया।

बेहोश होने के बाद आरोपितों ने आलमारी से पीतलनुमा धातु और पाइप के करीब तीन कट्टे निकाले और मोटरसाइकिल से फरार हो गए। चोरी के माल का कुछ हिस्सा करीब 25 हजार रुपये में बेचकर 22 हजार रुपये डाउन पेमेंट देकर बाइक खरीदी गई थी। पुलिस ने शेष करीब 25 किलो माल गन्ने के खेत से बरामद किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विनीत (19) निवासी बागपत, टिंकू उर्फ कृष्ण (28) निवासी मुजफ्फरनगर और रविन्द्र (26) निवासी पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस चोरी की स्प्लेंडर बाइक और फरार अन्य साथी की तलाश कर रही है।



