कुंभ की तैयारियों को लेकर एडीजी प्रशासन ने ली समीक्षा बैठक
निर्माण कार्य समय से पूरे करने और स्नान पर्वों के लिए पहले से प्लान तैयार रखने के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का जायजा लेने शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन उत्तराखंड एपी अंशुमान हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने पुलिस कार्यालय रोशनाबाद के सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर पुलिस विभाग से संबंधित तैयारियों, निर्माण कार्यों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में एडीजी ने अब तक की तैयारियों और निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले का प्रत्येक स्नान पर्व महत्वपूर्ण है। स्नान पर्वों पर आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और सभी व्यवस्थाओं का प्लान पहले से स्पष्ट रखा जाए।

बैठक में एसएसपी कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने निर्माण कार्यों और आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। इसके बाद एडीजी ने मेला नियंत्रण भवन, पुलिस लाइन, यातायात पुलिस लाइन, जीआरपी लाइन, अस्थायी थाने-चौकियों, होल्डिंग एवं पार्किंग स्थलों समेत अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। अग्नि सुरक्षा के लिए तैयार आपात योजना, अग्निशमन एवं भीड़ नियंत्रण उपकरणों की उपलब्धता, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की तैनाती, वाहनों की आवश्यकता, बजट तथा मेले में तैनात किए जाने वाले पुलिस कार्मिकों की उपलब्धता पर भी चर्चा की गई। एडीजी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में आईजी कार्मिक सुनील कुमार मीणा, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल सहित पुलिस, जीआरपी, यातायात, एसडीआरएफ, अग्निशमन और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



