सिडकुल-धनौरी मार्ग की बदहाली पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
30 नवंबर तक सड़क निर्माण का आश्वासन, मांग पूरी न होने पर कार्यालय पर तालाबंदी की चेतावनी

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अबरार अली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सिडकुल-धनौरी मार्ग की बदहाली के विरोध में शुक्रवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मायापुर स्थित यूनियन भवन से सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर घेराव किया। अबरार अली ने कहा कि सिडकुल-धनौरी मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है और जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से रोजाना लोग चोटिल हो रहे हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में जलभराव से परेशानी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि केवल गड्ढे भरने के बजाय पूरी सड़क का निर्माण कराया जाना चाहिए। सोशल मीडिया संयोजक महबूब अली और तनु वालिया ने आरोप लगाया कि कुंभ के नाम पर बड़े स्तर पर धन खर्च किया जा रहा है, जबकि प्रमुख मार्गों की स्थिति खराब है।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि 30 नवंबर तक सड़क निर्माण पूरा नहीं हुआ तो सिंचाई विभाग कार्यालय पर तालाबंदी की जाएगी। अधिशासी अभियंता खुशवंत सिंह चौहान ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़क के गड्ढे भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बारिश के कारण काम प्रभावित हुआ था। उन्होंने 30 नवंबर तक कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में इदरीश मंसूरी, मासूम, दानिश, सागर, जोएब, साहिल, नौशाद, अहमद, सनव्वर, इमरान, राकेश, नईम और गुलशनव्वर आदि शामिल रहे।



