उत्तराखंड

नवरात्रि पर कुट्टू आटे की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापारियों को किया जागरूक

खाद्य सुरक्षा मानकों और लेबलिंग की दी जानकारी, व्यापारियों की शंकाओं का किया समाधान

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। नवरात्रि पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 9 अक्टूबर 2026 को रुड़की स्थित होटल दीप रेजीडेंसी में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जागरूकता बैठक आयोजित की गई। आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर आयोजित बैठक में व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों, थोक विक्रेताओं, डिस्ट्रीब्यूटरों और खुदरा व्यापारियों ने भाग लिया। बैठक में उपायुक्त गढ़वाल मंडल आरएस रावत ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों तथा कुट्टू के आटे के निर्माण, बिक्री और भंडारण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने व्यापारियों की शंकाओं का समाधान भी किया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने कुट्टू के आटे के निर्माण से लेकर बिक्री तक पैकेट पर आवश्यक जानकारी अंकित करने और पूर्व में सामने आई घटनाओं से जुड़े तथ्यों के बारे में बताया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडेय, दिलीप जैन और कपिल देव ने खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण, FoSCoS पोर्टल पर खाद्य पदार्थों के लेबल की ऑनलाइन जांच, प्रवर्तन कार्रवाई और ऑनलाइन निरीक्षण की प्रक्रिया समझाई। बैठक का संचालन FSSAI के प्रशिक्षण एवं आउटरीच पार्टनर आशीष भार्गव ने किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल प्रतिनिधि धीर सिंह, रामगोपाल कंसल, कवीश मित्तल, रुड़की डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल स्नेही, महामंत्री सुशील गुलाटी, मुख्य सलाहकार संजीव आहूजा, प्रदेश महामंत्री नितिन शर्मा और प्रवीण मेहंदीरत्ता सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button