नारायणी शिला मंदिर पहुंचे असम के CM हिमंता बिस्वा सरमा, पितरों के निमित्त किया श्राद्ध-तर्पण
विपक्ष के प्रदर्शन पर साधा निशाना, राहुल गांधी पर भी कसा तंज

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा शनिवार को तीर्थनगरी हरिद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध नारायणी शिला मंदिर में अपने परिवार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पितरों के निमित्त नारायण बलि, श्राद्ध एवं तर्पण कर्म संपन्न कराए। उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। बताया जाता है कि सरमा पिछले 12 वर्षों से नारायणी शिला मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आते रहे हैं। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विपक्ष के प्रदर्शन पर निशाना साधा। सरमा ने विपक्ष के आंदोलन को तमाशा बताते हुए आरोप लगाया कि लगातार चुनावों में हार के कारण विपक्षी नेता हताश हैं और सरकार को दबाव में लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है।

राहुल गांधी पर कसा तंज
राहुल गांधी के राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात के सवाल पर सरमा ने कहा कि राष्ट्रपति से कोई भी मिल सकता है। उन्होंने व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए कहा कि जब राहुल गांधी चंद्रयान और मंगलयान पर जाएंगे, तब उनसे इस बारे में सवाल पूछा जाए।
सीजेपी पर भी की टिप्पणी
सीजेपी को लेकर पूछे गए सवाल पर सरमा ने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि जो लोग खुद को कॉकरोच कहते हैं, उनके बारे में बात करने का कोई फायदा नहीं है। उन्होंने कहा कि चर्चा उन लोगों की होनी चाहिए, जो खुद को युवा शक्ति बताते हैं। सरमा ने विपक्ष पर सरकार को ब्लैकमेल करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष के आरोपों से डरने वाली नहीं है। राजनीतिक बयानबाजी के बीच उनकी हरिद्वार यात्रा और नारायणी शिला मंदिर में पूजा-अर्चना चर्चा का विषय रही।



