क्लाउड किचन से महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर
छह दिवसीय प्रशिक्षण का समापन, डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन कारोबार की दी जानकारी

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने शनिवार को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (आरबीआई) स्पोक सेंटर, हरिद्वार में छह दिवसीय क्लाउड किचन उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (एमयूवाई) और रीप (REAP) टीम के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन आरसेटी ने किया। कार्यक्रम में डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से महिलाएं घर की रसोई से कम लागत में खाद्य व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को खाना बनाने के प्रशिक्षण के साथ ब्रांडिंग, ऑनलाइन मार्केटिंग और बिक्री के गुर सिखाकर सफल उद्यमी बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को गूगल बिजनेस प्रोफाइल, स्विगी, जोमैटो और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने उत्पादों का प्रचार करने, ऑनलाइन ऑर्डर प्राप्त करने तथा ग्राहकों तक पहुंच बनाने की जानकारी दी गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद भी योजना की टीम महिलाओं को उद्यम पंजीकरण, आवश्यक खाद्य लाइसेंस और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में सहयोग करेगी। साथ ही सीसीएल, सीआईएफ और वीओ जैसे माध्यमों से उपलब्ध वित्तीय संसाधनों एवं ऋण सुविधाओं तक पहुंच बनाने में मार्गदर्शन दिया जाएगा। कार्यक्रम में आरसेटी निदेशक शिव कुमार, एलडीएम दिनेश कुमार गुप्ता, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के बीपीडीई राव आशकर, इंक्यूबेशन मैनेजर योगेन्द्र सिंह, राव साकीब, गीता सहित प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाएं तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



