बारिश और ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद, प्रभावितों को मिलेगा मुआवजा
मंत्री मदन कौशिक ने अधिकारियों को तत्काल सर्वेक्षण कर समयबद्ध राहत देने के निर्देश दिए

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। प्रदेश में 9 अक्टूबर 2026 को हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों सहित जन-धन एवं अन्य परिसंपत्तियों को हुए नुकसान को देखते हुए पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने आपदा एवं पुनर्वास विभाग के सचिव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने प्रदेश के सभी जनपदों में तत्काल स्थलीय सर्वेक्षण कराकर फसलों, पशुधन, आवास और अन्य परिसंपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वेक्षण में देरी न हो और वास्तविक प्रभावितों की पहचान कर उन्हें समय पर राहत पहुंचाई जाए।

मदन कौशिक ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों और अन्य पीड़ितों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर संवेदनशीलता के साथ नुकसान का सही आकलन करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार पात्र लोगों को मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी करने और राहत वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य कर प्रभावितों तक जल्द सहायता पहुंचाने को कहा।



