उत्तर प्रदेश

जीएसटी काउंसिल के फैसलों का व्यापार मंडल ने किया स्वागत

गिरफ्तारी संबंधी शक्तियों में बदलाव, अभियोजन सीमा बढ़ाने और जुर्माना घटाने के निर्णय को बताया व्यापारियों के लिए राहतकारी

कलयुग दर्शन (24×7)

हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)

सहारनपुर। सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल महानगर इकाई की विशेष बैठक 9 अक्टूबर को घंटाघर सभागार में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा और महानगर वरिष्ठ महामंत्री सरदार सुरेंद्र मोहन सिंह चावला ने 8 अक्टूबर 2026 को हुई जीएसटी काउंसिल की बैठक में व्यापारियों के हित में लिए गए निर्णयों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जीएसटी अधिकारियों की गिरफ्तारी संबंधी शक्तियों में बदलाव, अभियोजन की सीमा एक करोड़ रुपये से बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये करने तथा सामान्य मामलों में न्यूनतम जुर्माना 25 हजार रुपये से घटाकर 10 हजार रुपये करने जैसे फैसले व्यापारियों के लिए राहतकारी हैं। इससे विशेष रूप से छोटे और मध्यम व्यापारियों को अनावश्यक कानूनी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। व्यापार मंडल ने जीएसटी पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और तेज करने, रिफंड प्रक्रिया में सुधार लाने तथा छोटे मामलों में दंडात्मक कार्रवाई का बोझ कम करने के प्रयासों का भी स्वागत किया। इसके अलावा, सही दस्तावेज रखने वाले खरीदारों के इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) अधिकारों की सुरक्षा के लिए आपूर्तिकर्ता की चूक से जुड़े मामलों में समिति गठित करने के निर्णय को भी महत्वपूर्ण बताया। महानगर महामंत्री पुनीत चौहान ने कहा कि व्यापार देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। व्यापारियों को सरल नियम, सम्मानजनक व्यवहार और पारदर्शी व्यवस्था मिलनी चाहिए।

सरकार द्वारा व्यापारियों की समस्याओं को ध्यान में रखकर लिए गए फैसले सकारात्मक संदेश देते हैं। जीएसटी प्रक्रियाओं का सरलीकरण और छोटे मामलों में दंड का बोझ कम होना समय की आवश्यकता है। इससे व्यापारी अपने समय और संसाधनों का उपयोग कारोबार को आगे बढ़ाने में कर सकेंगे। अंत में सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल महानगर इकाई ने केंद्र सरकार और जीएसटी काउंसिल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारियों के हित में उठाए गए सकारात्मक कदमों का मंडल स्वागत करता है। साथ ही व्यापार जगत की समस्याओं और मांगों को भविष्य में भी संबंधित अधिकारियों एवं सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाता रहेगा। ये रहे उपस्थित: महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा, महानगर वरिष्ठ महामंत्री सरदार सुरेंद्र मोहन चावला, महानगर महामंत्री पुनीत चौहान, मंडल अध्यक्ष संजय भसीन, प्रांतीय संगठन मंत्री अशोक छाबड़ा, आईटी मंच से राजीव मदान, नीरज जैन, युवा चेयरमैन दीपक खेड़ा, युवा अध्यक्ष अनुभव शर्मा, अशोक नारंग, राजू खेड़ा, गुलशन अनेजा, मुकेश दत्ता, सुदर्शन जुनेजा, सुभाष सपड़ा और राघव गुप्ता सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button