उत्तर प्रदेश

रामशरण दास की पुण्यतिथि पर सपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

कलयुग दर्शन (24×7)

हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)

सहारनपुर। समाजवादी चिंतक एवं समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चौधरी रामशरण दास की पुण्यतिथि पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लेते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। अंबाला रोड स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय चौधरी रामशरण दास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने कहा कि चौधरी रामशरण दास पार्टी के मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने सदैव पार्टी हित में समर्पित भावना से कार्य किया और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। ऐसे महान व्यक्तित्व से सभी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके आदर्श और विचार आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं। पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश शर्मा एवं प्रदेश सचिव रतन यादव ने कहा कि सभी कार्यकर्ता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं, ताकि भाजपा सरकार को सत्ता से हटाकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाया जा सके और उत्तर प्रदेश में विकास को गति मिले।

लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुस्तकीम राणा एवं महानगर विधानसभा अध्यक्ष कासिफ अल्वी ने कहा कि समाजवाद के नारे को बुलंद करने और सिद्धांतों की राजनीति करने वाले चौधरी रामशरण दास ने हमेशा समर्पित भाव से पार्टी के लिए कार्य किया। उनके योगदान और विचारों के कारण ही संगठन को मजबूती मिली है। प्रवक्ता एवं कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी ने चौधरी रामशरण दास को अपना राजनीतिक गुरु बताते हुए कहा कि वह आज भी उनके बताए मार्ग और आदर्शों का अनुसरण कर रहे हैं। सादा जीवन, उच्च विचार को सर्वोपरि मानने वाले चौधरी रामशरण दास की कार्यशैली से उन्हें हमेशा प्रेरणा मिलती है। उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए वह पार्टी को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम में चौधरी जुमला सिंह, प्रवीण सिंह, शाहिद मंसूरी, वेदपाल पटनी, इस्लाम मलिक, मोहम्मद मुस्लिम सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button