उत्तराखंड

एसएमजेएन कॉलेज में भारतीय बौद्धिक परीक्षा आयोजित, 98 विद्यार्थियों ने लिया भाग

कलयुग दर्शन (24×7)

रजत कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। एसएमजेएन पीजी कॉलेज में विद्या भारती की ओर से अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित भारतीय बौद्धिक परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के 98 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं परीक्षा केंद्र प्रभारी प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि भारतीय बौद्धिक परीक्षा विद्यार्थियों को देश की समृद्ध ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक विरासत, महापुरुषों के विचारों और भारतीय जीवन मूल्यों से परिचित कराने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, नैतिक मूल्यों, राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है।

परीक्षा के नोडल अधिकारी डॉ. विजय शर्मा ने कहा कि इस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत के प्राचीन इतिहास, संस्कृति, दर्शन और राष्ट्र निर्माण में महापुरुषों के योगदान को समझने का अवसर मिलता है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की ज्ञान क्षमता और वैचारिक दृष्टिकोण को व्यापक बनाती हैं। परीक्षा के सफल आयोजन में केंद्र उपप्रभारी प्रो. जगदीश चन्द्र आर्य का विशेष सहयोग रहा। वहीं शिक्षकों श्रीमती रिंकल गोयल, श्रीमती रिचा मिनोचा, श्री वैभव बत्रा, श्री अंकित बंसल एवं श्रीमती कविता छाबड़ा ने परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Related Articles

Back to top button