उत्तराखंड

विश्व मात्स्यिकी दिवस पर गंगा में छोड़े गए मत्स्य बीज, कामधेनु लोक में हुआ पौधारोपण

कलयुग दर्शन (24×7)

अमित वालिया (संवाददाता)

हरिद्वार। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर शनिवार को मत्स्य विभाग हरिद्वार की ओर से कामधेनु घाट पर गंगा नदी की मुख्य धारा में मत्स्य बीज संचयन किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से कामधेनु लोक में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा के प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों का संरक्षण, जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देना और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखना रहा। कार्यक्रम में मत्स्य विभाग उत्तराखंड के निदेशक सीएस धर्मशक्तु, उपनिदेशक प्रमोद कुमार शुक्ल तथा गढ़वाल मंडल की उपनिदेशक अल्पना हल्दिया मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा ने किया। इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. नीलकांत सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने गंगा नदी में मत्स्य बीज संचयन किया और कामधेनु लोक में पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीजों का संचयन करने से नदी के प्राकृतिक मत्स्य भंडार को समृद्ध करने में मदद मिलती है। इससे जलीय जैव विविधता का संरक्षण और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के साथ भविष्य में मत्स्य उत्पादन की संभावनाएं भी बढ़ती हैं। कार्यक्रम के माध्यम से गंगा संरक्षण, मत्स्य संसाधनों के संवर्धन और पर्यावरण सुरक्षा के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया गया।

Related Articles

Back to top button