उत्तराखंड

मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हुए सीएम योगी, छलक पड़े आंसू

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार स्थित नमामि गंगे घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। सीएम योगी के सबसे छोटे भाई महेंद्र ने मां को मुखाग्नि दी। मां को अंतिम विदाई देते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। सावित्री देवी का पार्थिव शरीर उत्तराखंड के पंचूर गांव से हरिद्वार स्थित नमामि गंगे घाट लाया गया। यहां उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई वरिष्ठ राजनीतिक नेता, मंत्री, सांसद, विधायक और संत-महात्मा अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दिवंगत सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई। अंतिम संस्कार के दौरान घाट पर सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम के बावजूद भीड़ का दबाव बढ़ने पर पुलिस और प्रशासन को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और भीड़ को व्यवस्थित कराने के साथ रास्ता बनवाने में सहयोग करते नजर आए। अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, गोरखपुर के सांसद रवि किशन, उत्तराखंड भाजपा की सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, योग गुरु बाबा रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, श्रीमहंत रविंद्र पुरी, स्वामी चिदानंद मुनि महाराज सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button