डॉ. मोहन भागवत ने किया गायत्री परिवार के जन्मशताब्दी समारोह का शुभारंभ

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। वैदिक मंत्रोच्चार, बैंड और शंखनाद के बीच तीन पवित्र कलशों के समारोह स्थल पर पहुंचने के साथ अखिल विश्व गायत्री परिवार के जन्मशताब्दी समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ। ये कलश गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की जन्मभूमि आंवलखेड़ा (आगरा), तपोभूमि मथुरा और कर्मभूमि हरिद्वार से जनजागरण करते हुए समारोह स्थल पहुंचे। यहां वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने मंगल आरती कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर डाक टिकट विमोचन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता गायत्री परिवार की प्रमुख श्रद्धेया शैलदीदी ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि किसी भी संगठन के लिए सौ वर्ष की यात्रा पूरी करना आसान नहीं होता। अनुशासन और समर्पण के साथ संगठन को आगे बढ़ाना बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि ईश्वरीय कार्यों के संचालन के लिए भगवान योग्य व्यक्तियों और संगठनों को जिम्मेदारी सौंपते हैं। डॉ. भागवत ने कहा कि सनातन को लेकर किसी प्रकार की शंका या चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। आज पूरा विश्व अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है और उनके समाधान के लिए भारत की ओर देख रहा है। भारतीय संस्कृति और सनातन चिंतन में मानवता को दिशा देने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि निरंतर सेवा और समर्पण से ही किसी संगठन को समाज का विश्वास और समर्थन प्राप्त होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हनुमान जी के सेवाभाव और समर्पण को अपना आदर्श बनाकर सनातन संस्कृति एवं समाज निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाएं।

जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि यह आयोजन ऐतिहासिक और सौभाग्यशाली अवसर है। उन्होंने परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के व्यक्तित्व और कर्तृत्व को याद करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन तप, त्याग, साधना और समाज निर्माण के लिए समर्पित रहा। अश्वमेध महायज्ञों का संचालन उनकी अद्भुत संगठन शक्ति और संकल्प का परिचायक है। इससे पूर्व जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम ने कहा कि किसी भी संस्था की वास्तविक पहचान उसके भवन और संसाधनों से नहीं, बल्कि वहां कार्य करने वाले लोगों के चरित्र, साधना, समर्पण और जीवन मूल्यों से होती है। समारोह में श्रीहरि सेवा धाम के प्रमुख स्वामी हरिचेतनानंद, आर्ष विद्या मंदिर के अध्यक्ष स्वामी परमात्मानंद और सूरतगिरि बंगला के प्रमुख स्वामी विश्वेश्वरानंद सहित अन्य संतों ने आशीर्वचन दिए। इस अवसर पर डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने अतिथियों को गायत्री महामंत्र लिखित चादर, रुद्राक्ष माला और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में भारत सहित 40 देशों से आए गायत्री परिवार के सदस्य और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।



