एसडीओ की लंबी छुट्टी से बैरागी कैंप और मायापुर उपखंड का कामकाज प्रभावित, उपभोक्ता परेशान

कलयुग दर्शन (24×7)
संदीप कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। ऊर्जा निगम के हरिद्वार डिवीजन में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बैरागी कैंप और मायापुर उपखंड के एसडीओ लंबे समय से छुट्टी पर हैं। इसके चलते दोनों उपखंडों का कामकाज प्रभावित हो रहा है और उपभोक्ताओं को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी बिजली कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इन उपखंडों का अतिरिक्त चार्ज संभाल रहे अधिकारी भी जिम्मेदारी के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित दोनों एसडीओ के मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संपर्क करने में परेशानी हो रही है। विभाग में वैकल्पिक व्यवस्था होने के बावजूद कामकाज सुचारू रूप से नहीं चल पा रहा है। मायापुर उपखंड की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक उपभोक्ता ने करीब दो सप्ताह पहले अपने नाम की स्पेलिंग ठीक कराने के लिए आवश्यक दस्तावेज कार्यालय में जमा कराए थे, लेकिन अब तक संशोधन नहीं हो पाया है।

उपभोक्ता का कहना है कि वह लगातार कार्यालय के चक्कर काट रहा है, लेकिन हर बार उसे निराश होकर लौटना पड़ रहा है। वहीं, बैरागी कैंप क्षेत्र में भी उपभोक्ताओं को कनेक्शन से जुड़े कार्यों और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं में देरी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब अधिकारियों की अनुपस्थिति में अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है तो उपभोक्ताओं के काम समय पर क्यों नहीं हो रहे हैं? इस संबंध में हरिद्वार डिवीजन के अधिशासी अभियंता दीपक सैनी से उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं, मुख्य अभियंता हरिद्वार जोन मोहित जोशी ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि वह संबंधित अधिकारियों से वार्ता करेंगे और जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी।



