हरिद्वार में आईबी प्रमुख सीपी नौटियाल को चालक ने मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में शनिवार को सनसनीखेज घटना सामने आई। इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के प्रमुख सीपी नौटियाल को उनके ही चालक ने गोली मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सीपी नौटियाल और उनके चालक विनोद नेगी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर चालक ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से सीपी नौटियाल घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें हरिद्वार स्थित बंगाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उनकी हालत सामान्य और खतरे से बाहर बताई गई है। बेहतर उपचार और विस्तृत जांच के लिए उन्हें एम्स रेफर किए जाने की जानकारी मिली है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल विवाद के कारणों और गोली चलाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।



