जन्मदिन पार्टी में जिला पंचायत सदस्य पर लाठी-डंडों और रॉड से हमला, कई घायल

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। लक्सर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में जन्मदिन की पार्टी के दौरान मामूली कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने जिला पंचायत सदस्य मोनू कुमार और उनके साथियों पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में कई लोग घायल हो गए। इनमें विकास नाम के युवक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, जिला पंचायत हरिद्वार के प्रतिनिधि सदस्य मोनू कुमार निवासी बसेड़ी खदार ने तहरीर देकर बताया कि 19 नवंबर को वह अपने दोस्त सचिन की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए लक्सर स्थित युवराज पैलेस पहुंचे थे। इस दौरान वहां मौजूद अकबरपुर ऊद निवासी सत्येंद्र राणा के साथ किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद सत्येंद्र राणा अपने साथियों के साथ लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर बैंक्वेट हॉल पहुंचा और मोनू कुमार व उनके साथियों पर हमला कर दिया।

हमलावरों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उनके साथ मारपीट की। इस हमले में मोनू कुमार, विकास समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लक्सर ले जाया गया, जहां विकास की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सत्येंद्र राणा, अंकित, आशीष, विशाल समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि जन्मदिन पार्टी में जिला पंचायत सदस्य और उनके साथियों के साथ मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



