पचंडीघाट से बैरागी कैंप तक नए घाटों का निर्माण कराए मेला प्रशासन: स्वामी प्रबोधानंद गिरी

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरी ने मेला प्रशासन से बैरागी कैंप में नए घाटों का निर्माण कराने की मांग की है। स्वामी प्रबोधानंद गिरी ने कहा कि बैरागी कैंप में नए घाट बनने से कुंभ मेले में संतों और श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले को भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए मेलाधिकारी सोनिका दिन रात कड़़ी मेहनत कर रही हैं। शहर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। कई स्थानों पर घाटों का निर्माण भी किया जा रहा है। स्वामी प्रबोधानंद गिरी महाराज ने कहा कि कुंभ मेले में करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में मेला प्रशासन को इस बात पर खास ध्यान देना चाहिए कि हरिद्वार में प्रयागराज महाकुंभ मेले जैसी घटना ना हो। इसके लिए चंडीघाट से बैरागी कैंप तक गंगा किनारे नए घाटों का निर्माण किया जाए। नए घाटों का निर्माण होने से श्रद्धालु सुविधा पूर्वक स्नान कर सकेंगे और हरकी पैड़ी पर भीड़़ का दबाव कम होगा। अत्यधिक भीड़ के चलते प्रयागराज में जिस प्रकार की घटना हुई है, उससे भी बचाव हो सकेगा।

इसलिए पुराने घाटों को तोड़ने के बजाए नए घाट बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जाए। स्वामी प्रबोधानंद गिरी महाराज ने कहा कि नए घाटों का निर्माण कराने में कुंभ मेलाधिकारी सक्षम हैं। मेलाधिकारी और उनकी टीम संतोषजनक कार्य कर रही है। लेकिन कुछ अधिकारी हीलाहवाली कर रहे हैं। मेला प्रशासन समन्वय के साथ काम करे और खराब सड़कों को जल्द से जल्द ठीक किया जाए। जिससे कि कुंभ मेला भव्य और सकुशल संपन्न हो सके। स्वामी प्रबोधानंद गिरी ने कहा कि कुंभ मेला शुरू होने में केवल दो महीने का समय शेष बचा है। कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सरदार मनजीत सिंह संतों की भावनाओं को समझते हुए कार्यो में तेजी लाएं। जिससे दिव्य और भव्य कुंभ मेले का सपना साकार हो सके।



