दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाइयों के 8 नमूने जांच को भेजे

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने धनपुरा, पदार्था और सुल्तानपुर क्षेत्र में मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान पांच इकाइयों की जांच की गई और मिठाइयों के आठ नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और योगेंद्र पांडेय ने कार्रवाई की। टीम ने बताशा, गुलाब जामुन, मिल्क केक, मावा बर्फी, सफेद रसगुल्ला और डोडा बर्फी के नमूने जांच के लिए एकत्र किए। निरीक्षण के दौरान धनपुरा स्थित गुप्ता मिष्ठान भंडार और मुस्कान फूड प्रोडक्ट्स को खाद्य लाइसेंस में मिठाइयों की सही फूड कैटेगरी शामिल करने तथा मिठाइयों के टिन और प्लास्टिक के डिब्बों पर निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि अंकित करने के निर्देश दिए गए।

टीम ने स्पष्ट किया कि निर्धारित विवरण अंकित करने के बाद ही मिठाइयों की बिक्री और आपूर्ति की जाए। कार्रवाई की सूचना मिलने पर एक रसगुल्ला निर्माण इकाई का संचालक इकाई बंद कर मौके से चला गया, जिसके कारण वहां निरीक्षण नहीं हो सका। वहीं, एक बताशा निर्माण इकाई में निर्माण और भंडारण स्थल पर गंदगी मिलने तथा मशीनों की साफ-सफाई नहीं होने पर नोटिस जारी किया गया। संचालक को एक दिन के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश देते हुए सुधार होने तक मिठाई निर्माण और बिक्री नहीं करने को कहा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।



