हरिद्वार युवा महोत्सव में युवाओं ने बिखेरी प्रतिभा, मदन कौशिक ने किया शुभारंभ
लोकनृत्य, लोकगीत, भाषण और चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं ने लिया भाग, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मिलेगा राज्य स्तर पर मौका

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जिला प्रशासन एवं युवा कल्याण विभाग, प्रांतीय रक्षक दल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के सांस्कृतिक ट्रैक के अंतर्गत आयोजित महोत्सव में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए युवाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्वलित कर किया। महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, गायन, भाषण प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, पेंटिंग और कविता लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति की मनमोहक झलक पेश की। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने विभिन्न प्रस्तुतियों का अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि आज का युवा नए संकल्प और ऊर्जा के साथ प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के युवा जिला और राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड खेल भूमि के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल स्टेडियम और राष्ट्रीय स्तर के खेल परिसरों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं को अपनी कला और रचनात्मक क्षमता निखारने का अवसर मिलता है। आयोजकों ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नई उपलब्धियां हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चंद पांड्ये, मुकेश भट्ट, पूनम मिश्रा, हिमांशु गुप्ता, चंद्रमोहन मिश्रा, शिवकुमार कश्यप, ऋचा गुप्ता और संध्या सहित विभिन्न विकासखंडों से आए प्रतिभागी, स्थानीय नागरिक एवं युवा कल्याण विभाग के कार्मिक मौजूद रहे।



