उत्तराखंड

डांसिंग प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं ने दी शानदार प्रस्तुतियां

विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

कलयुग दर्शन (24×7)

दीपक झा (संवाददाता)

हरिद्वार। भेल फाउंड्री गेट के सामने धीरवाली रोड पर आयोजित भागीरथ महोत्सव मेला 3.0 का सांस्कृतिक मंच बाल एवं युवा कलाकारों की शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से गूंज उठा। डांसिंग प्रतियोगिता में नन्हे कलाकारों से लेकर युवाओं तक ने अपनी प्रतिभा, आकर्षक भाव-भंगिमाओं और बेहतरीन कोरियोग्राफी से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता को सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर, डुएट और ग्रुप डांस सहित पांच श्रेणियों में आयोजित किया गया। सब-जूनियर वर्ग में अर्नव नेगी ने प्रथम, भावना ने द्वितीय, देवंश ने तृतीय और दक्ष जिंदल ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में सिमरन नेगी प्रथम, आराध्या राणा द्वितीय, हर्षिता धीमान तृतीय और आरोही चतुर्थ स्थान पर रहीं। सीनियर वर्ग में मानव शर्मा एवं सतेंद्र शर्मा को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।

डुएट डांस प्रतियोगिता में हर्षिता धीमान एवं आरोही नेगी की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अर्नव एवं ईशिना द्वितीय और रवि एवं अनुराग तृतीय स्थान पर रहे। ग्रुप डांस में अंशिका डांस ग्रुप, ए डायरेक्शन ग्रुप और प्रियंका नायक डांस ग्रुप को उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोहन सहगल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ ही उनके आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने भागीरथ जन कल्याण सेवा समिति की पहल की सराहना की।

आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज मोहन यादव ने बताया कि मेले में आगामी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत 1 नवंबर को ममता भारद्वाज तथा 3 नवंबर को भोजपुरी गायिका राधा श्रीवास्तव के साथ पहाड़ी गायक अमित खरे और मंजू नौटियाल की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में संस्कार भारती मातृ शक्ति विंग की पदाधिकारी, नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स उत्तराखंड की हरिद्वार इकाई के निवर्तमान अध्यक्ष विकास कुमार झा तथा सखी बहिनपा मैथिलानी समूह की सदस्य रश्मि झा उपस्थित रहीं।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में पतंजलि विश्वविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अल्का गिरी एवं सुरभि म्यूजिकल एंड डांस इंस्टीट्यूट, देहरादून की निदेशक संध्या जोशी शामिल रहीं। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों और निर्णायकों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रविंद्र प्रताप यादव, विकास कुचेरिया, राजीव शर्मा और संतोष कुमार साहू का विशेष योगदान रहा। अंत में समिति के उपाध्यक्ष पं. तरुण शुक्ला, पं. शिवनारायण, संतोष कुमार साहू, नवीन कुमार सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों, प्रतिभागियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। समिति ने शहरवासियों से सपरिवार मेले में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button