श्रीकृष्ण जन्म भूमि को मुक्त कराना संत समाज का लक्ष्य: स्वामी अरूण गिरी

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। आह्वान पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेंश्वर स्वामी अरूण गिरी महाराज ने श्रीकृष्ण जन्म भूमि शिला का पूजन कर आशीर्वाद दिया और 6 दिसम्बर को संतों के साथ मथुरा पहुंचने का ऐलान किया। स्वामी अरूण गिरी महाराज ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण होने के पश्चात श्रीकृष्ण जन्म भूमि को मुक्त कराना संत समाज का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि संत समाज की सहभागिता से ही अयोध्या में श्रीराम मंदिर का स्वप्न साकार हुआ है। मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्म भूमि को मुक्त कराने में भी संत समाज एकजुट होकर सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि मठ मंदिर सनातन के मान बिंदु हैं। सनातन के मान सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। श्री चित्रगुप्त पीठ वृन्दावन के पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति हेतु निकाली जा रही श्रीकृष्ण अखंड ज्योति एवं मंदिर निर्माण आधारशिला पूजन यात्रा का शुभारंभ नंदगांव में नंदबाबा के गर्भगृह विधिवत पूजन के साथ किया गया था। इसके पश्चात बरसाना में श्री राधारानी मंदिर तथा राधाकुंड में भी विधि-विधान से पूजन किया गया।

यात्रा के हरिद्वार पहुंचने पर आह्वान पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरूण गिरी महाराज के नेतृत्व में संतों ने भव्य पूजन और स्वागत किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्म भूमि को मुक्त कराने के लिए जागरूकता अभियान के तहत निकाली जा रही आधारशिला पूजन यात्रा को संत समाज और आमजन का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज भी अभियान का पूरा समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के हरिद्वार पहुंचने श्री गंगा सभा की और से भी हरकी पर पूजन कर स्वागत किया गया। इस दौरान महामंडलेश्वर साध्वी भगवती पुरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, समाजसेवी प्रदीप शर्मा, उज्जवल पंडित, सनातन हिंदू वाहिनी के अध्यक्ष अमित वालिया सहित कई लोग मौजूद रहे।



